महाजाति सदन में धूमधाम से मनाया गया बालिका शिक्षा सदन व मुरारीलाल मेहता विद्यामंदिर का प्लेटिनम जुबली समारोह
कोलकाता: शिक्षा के क्षेत्र में ७५ वर्षों का गौरवशाली सफर। इसी ऐतिहासिक मील के पत्थर को छूते हुए कोलकाता शहर एक बेहद भव्य और सांस्कृतिक उत्सव का गवाह बना। हाल ही में महाजाति सदन के प्रेक्षागृह में अत्यंत गरिमामयी और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ बालिका शिक्षा सदन एवं
मुरारीलाल मेहता विद्यामंदिर का ७५वां स्थापना वर्ष यानी प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम बेहद धूमधाम से मनाया गया।
विगत साढ़े सात दशकों से शिक्षा के क्षेत्र में इन दोनों शिक्षण संस्थानों के अतुलनीय योगदान, समर्पित सफर और उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मान देने के लिए ही इस शानदार सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया था। इस भव्य समारोह में
विशिष्ट शिक्षाविद् डॉ. अनिर्बाण गांगुली एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनुत्तमा गांगुली, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय चट्टोपाध्याय और शिक्षण संस्थान के उपाध्यक्ष अखिल काजड़िया अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही शिक्षा, संस्कृति और समाजसेवा जैसे विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्रों से जुड़ी कई अन्य गणमान्य हस्तियां भी इस विशेष उत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए मौजूद थीं।
सांस्कृतिक कोलाज और विशिष्ट जन संवर्धन
इस पूरे कार्यक्रम की मुख्य थीम (परिकल्पना) शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा पर आधारित थी। 'अनुराग डांस सेंटर' की ओर से प्रख्यात कोरियोग्राफर अनुराग मोहता और उनकी कुशल टीम ने इस पूरे सांस्कृतिक कार्यक्रम का निर्देशन और कोरियोग्राफी की। भारत के विभिन्न राज्यों की सतरंगी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित छात्र-छात्राओं की नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने प्रेक्षागृह में मौजूद हर एक व्यक्ति का मन मोह लिया। बच्चों के इस बेहतरीन प्रदर्शन और कार्यक्रम की सुंदर परिकल्पना की वहां उपस्थित सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
संस्थान की सात दशकों से भी अधिक की इस गौरवशाली शैक्षिक यात्रा के अंतर्गत, इस विशेष मंच से समाज के कई विशिष्ट और प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित व संवर्धित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में, उपस्थित सभी लोगों के प्रति दिल से आभार और धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुरारीलाल मेहता विद्यामंदिर स्कूल की संचालिका दीपा दासगुप्ता ने अपनी बात रखी। वहीं बालिका शिक्षा सदन (विवेकानंद रोड) की टीचर-इन-चार्ज श्रीमती मधुमिता दत्ता ने इस पूरे आयोजन की सफलता का विवरण साझा करते हुए यह जानकारी दी।
Comments
Post a Comment